मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया. पहली बार बंबई स्टॉक एक्सचेंज सेंसेक्स ने 60 हजार का आंकड़ा छूआ है. शुक्रवार सुबह शेयर मार्केट खुलते ही सेंसेक्स 273 प्वाइंट उछलकर 60 हजार के पार चला गया. सेंसेक्स 273 प्वाइंट की बढ़त के साथ 60,158.76 पर खुला. एक दिन पहले सेंसेक्स 59,885 प्वाइंट पर बंद हुआ था. गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स में 958 प्वाइंट की उछाल देखी गई थी. शुक्रवार को भी सेंसेक्स में भारी उछाल देखने को मिल रहा है.वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी आज इतिहास रचने को तैयार है. निफ्टी 18 हजार का आंकड़ा पार करने से कुछ ही प्वाइंट्स पीछे है. गुरुवार को निफ्टी 276.30 प्वाइंट यानी 1.57 फीसदी उछलकर रिकॉर्ड 17,822.95 प्वाइंट पर बंद हुआ था.







