तालिबान ने दावा किया है कि उसने अफगानिस्तान की पंजशीर घाटी पर कब्जा कर लिया है। यहां नेशनल रेसिस्टेंस फ्रंट ऑफ अफगानिस्तान से तालिबान का मुकाबला हो रहा था। तालिबान के जबीउल्लाह ने ट्वीट किया कि तालिबान अब युद्ध से पूरी तरह मुक्त हो गया है। प्रवक्ता के मुताबिक, पंजशीर के लोग भी हमारे भाई हैं। इसके साथ ही तालिबान ने सरकार बनाने की कवायद भी तेज कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबान के नेताओं ने सरकार गठन की तैयारी तेज कर दी है। पाकिस्तान, चीन, तुर्की समेत छह देशों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता भेजा जा चुका है। भारत से संपर्क नहीं किया गया है।
इस बीच, पाकिस्तान पर आरोप लगे है कि पंजशीर को हासिल करने में उसने तालिबान की मदद की है। इस मामले में अब ईरान की ओर से बड़ा बयान आया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पंजशीर में जो हुआ वो गलत है। इसमें पाकिस्तान की भूमिका की जांच की जाना चाहिए। बता दें, ईरान पहले भी कह चुका है कि वह अफगानिस्तान में चुनाव कराने के पक्ष में हैं और जनता को सरकार चुनने का मौका दिया जाना चाहिए।









