विधानसभा चुनाव को लेकर बंगाल में सियासत चरम पर है। भाजपा और टीएमसी के बीच जारी आराेप प्रत्यारोप के बीच निर्वाचन आयोग की कार्रवाई ने नया भूचाल पैदा कर दिया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज चुनाव प्रचार पर 24 घंटे के लिए पाबंदी लगाए जाने के निर्वाचन आयोग के फैसले के विरोध में कोलकाता में धरना देंगी। वहीं दूसरी तरफ गृहमंत्री अमित शाह आज बंगाल में एक के बाद एक रैली करेंगे।
निर्वाचन आयोग ने ममता काे दी चेतावनी
चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए अगले 24 घंटे तक ममता बनर्जी के चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी है। केंद्रीय बलों के खिलाफ बनर्जी की टिप्पणी और कथित तौर पर धार्मिक लहजे वाले बयान के बाद निर्वाचन आयोग ने आदेश जारी किया था। निर्वाचन आयोग ने अपने आदेश में कहा कि आयोग पूरे राज्य में कानून व्यवस्था की गंभीर समस्याएं पैदा कर सकने वाले ऐसे बयानों की निंदा करता है और ममता बनर्जी को सख्त चेतावनी देते हुए सलाह देता है कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के दौरान सार्वजनिक अभिव्यक्तियों के दौरान ऐसे बयानों का उपयोग करने से बचें।
बनर्जी ने किया धरने पर बैठने का ऐलान
आयोग के फैसले के जवाब में बनर्जी ने ट्वीट कर लिखा कि निर्वाचन आयोग के अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक फैसले के विरोध में मैं मंगलवार को 12 बजे से गांधी मूर्ति, कोलकाता पर धरने पर बैठूंगी। चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए टीएमसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की हर संस्था से समझौता किया गया है। हमें चुनाव आयोग की निष्पक्षता के बारे में हमेशा संदेह था। लेकिन, आज इसने जो भी दिखावा किया है, वह स्पष्ट है। अब यह स्पष्ट है कि चुनाव आयोग मोदी/शाह के इशारे पर और उनके सीधे आदेश के तहत काम कर रहा है।









